नीमच। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क हादसों में असमय लोगों की मौतें भी हो रही है। ऐसा ही एक ताजा मामला नीमच जिले से सामने आया है, जहां सड़क हादसे में मालवाहक वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।

दरअसल मामला नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम खोर का है, जहां देर रात डोडाचूरा से भरा हुआ पिकअप मालवाहक वाहन टर्न लेने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पता चला कि वाहन में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा भरा हुआ था। हादसे की सूचना मिलत ही मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन में फंसे चालक को निकालने की कोशिश की। बाद में क्रेन की सहायता से वाहन में फंसे चालक को निकाला गया।
