नीमच। शहर के नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बोरदिया कलां में पेंटिंग का कार्य करने वाले एक युवक की मौत हो गई। साथ में कार्य करने वाले उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जिसके बाद परिजनों को बताया। परिजनों ने हत्या का शक जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक पिता प्रकाश नायक उम्र 22 वर्ष निवासी दूरदर्शी थाना बघाना का निवासी है। युवक बोरदियाकलां में पेंटिंग कलर का कार्य कर रहा था। 2 दिन से वह घर नहीं आया था। वह वहीं रहकर कार्य कर रह था। परिजनों की कल शाम को ही बात हुई थी। परिजनों को आज सुबह जानकारी मिली कि अशोक की मौत हो गई है, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे भाई की हत्या हुई है, जिसकी उचित जांच होनी चाहिए।

छोटे भाई का आरोप है कि जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या की गई है। मौत होने के बाद भी रात्रि में सूचना नहीं दी गई। सुबह सूचना दी गई। साथ में कार्य करने वालों का कहना है कि यह शराब पीकर रात्रि में सोया था, जिसके बाद सुबह उठाया तो उठा नहीं। मुंह से झाग निकले हुवे थे। मकान मालिक और साथ में कार्य करने वाले जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
