मंदसौर। एमपी व राजस्थान के 950 लोगों को सस्ते प्लॉट और निवेश पर प्रतिमाह फिक्स रिटर्न का लालच भारी पड़ा है। मल्हारगढ़ के अजय राठौर और पिपलिया मंडी के आदित्य पालीवाल ने फर्जी कंपनी बनाकर 2 साल में इनसे 25 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की।

पहले मंदसौर में क्रोलिक मार्केटिंग प्रा. लि., उसके बाद बन्नी एफएक्स नाम से फर्जी कंपनी बनाई। रही-सही कसर उदयपुर में ‘बिगबुल’ कंपनी बनाकर पूरी कर दी और चेन बनाकर नए सदस्य लगातार जोड़े। पीड़ितों का आरोप है कि मंदसौर के वायडी टीआई संदीप सिंह मंगोलिया ने 1 माह से ज्यादा शिकायत दबा रखी थी।

मामला डीआईजी कार्यालय तक पहुंचा। इसके बाद एफआईआर दर्ज हुई। मंदसौर के वायडी नगर थाने से करीब 200 मीटर दूर मंडी रोड स्थित आदित्य टॉवर की दूसरी मंजिल पर ही फर्जी कंपनी का दफ्तर चल रहा था। जिम्मेदारों ने मामले में लगातार अनदेखी की। मंदसौर जिले के ही 200 से ज्यादा लोगों से धोखाधड़ी की गई।

सख्त धाराओं में केस दर्ज-
एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि 2 आरोपियों ने धोखाधड़ी की है। दोनों पर सख्त धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, टीआई संदीप सिंह ने कहा कि मामले में मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया। कंपनी के दफ्तर का तो पता है लेकिन आरोपी 4 माह से फरार हैं।
