नीमच। जिले के नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव रेवली देवली में रविवार सोमवार की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने एक मकान और दुकान को निशाना बनाया। यहां चोरों ने दुकान के रास्ते घर में प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में रखी नकदी व कपड़े और कमरों में रखी ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। इसके साथ ही चोर अपने साथ घर में रखी अलमारी भी उठा कर ले गए और घर से करीब 100 फीट की दूरी पर जाकर अलमारी को तोड़ कर उसमें रखी नकदी ले उड़े।

यह पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौका निरीक्षण किया। साथ ही वहां लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर दुकान के रास्ते घर में घुसे थे। दुकान के ऊपर वाले कमरे में एक भाई और दूसरा नीचे वाले कमरे में सो रहा था। चोरों ने कमरों की साकल लगा दी और फिर वारदात को अंजाम दिया। 92 हजार दुकान से ओर 1 लाख 30 हजार अलमारी में रखे थे। चोरों की खटपट से बड़ा भाई उठ गया जिस पर चोरों ने कहा कि शोर मचाया तो जानसे मार देंगे। इसके बाद चोर अलमारी ही उठाकर ले गए, जिसमें सोना चांदी की ज्वेलरी भी थी।
