नीमच। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में नीमच की स्कीम नंबर 36 ए में राम धुन मंडली द्वारा आज भव्य कलश यात्रा निकाली गई। राम भक्तों द्वारा कलश यात्रा की शुरुआत गोमाबाई रोड स्थित शनि मंदिर से हुई। यह कलश यात्रा मुख्य मार्ग से होकर स्कीम नंबर 36 से पूरे सीताराम जाजू नगर में निकली। बैंडबाजे और ढोल नगाड़ों की स्वर लहरियों पर गाए जा रहे भगवान श्री राम और हनुमान जी के भक्ति गीतों पर महिला और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। कलश यात्रा सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
कलश यात्रा में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीना जयसवाल, दुर्गेश शर्मा, अजय जिंदल गोपाल सालवी राजेंद्र मोदी, बाबूलाल पाटीदार,प्रेमलता जोशी, अनुराधा मोदी, प्रत्याशा दुबे, इंदिरा पांडे, कंचन राठौर, इंदिरा बेरवा, इंदिरा यादव, रामधुन मंडली के सदस्य और कॉलोनी की महिलाएं शामिल हुई। बताते चलें कि स्कीम नंबर 36 ए में कथावाचक पंडित विक्रम पुरोहित के मुखारविंद से राम कथा का आयोजन 8 जनवरी से 14 जनवरी तक होगा। कथा का समय दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक रखा गया है। आयोजकों ने राम भक्तों से कथा का श्रवण करने की अपील की है।