नीमच। शहर में पूज्य सिंधी पंचायत समाज के अध्यक्ष पद के लिए द्विवर्षीय चुनाव मतदान प्रणाली से 12 जनवरी 2025 को संपन्न होंगे। वर्ष 2025-26 के लिए हो रहे चुनाव में सिंधी समाज के 1470 मतदाता भाग लेने जा रहे हैं। जिसे लेकर आज 9 जनवरी को नीमच के श्री भागेश्वर मंदिर में नॉमिनेशन फॉर्म वितरण और नॉमिनेशन फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी डॉ. पीडी ज्ञानानी और एडवोकेट राजेश लालवानी ने बताया कि आज ही नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 10 जनवरी को अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन पात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा। 12 जनवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जाएगा। 3.30 बजे से मतगणना होगी। मतगणना के बाद 12 जनवरी को ही चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसके बाद नए निर्वाचित अध्यक्ष द्वारा नवीन कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सिंधी समाज में उत्साह का वातावरण है। चुनाव संबंधित सभी प्रक्रिया श्री भागेश्वर मंदिर में संपन्न की जा रही है।