ग्वालियर। शहर में शराबी वर्सेस सांड का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में नशे में धुत एक शराबी युवक बीच बाजार सांड पर सवारी करने लगा, लेकिन वीडियो के आखिरी में जो हुआ उसने सबको हैरत में डाल दिया।दरअसल वायरल वीडियो मुरार के सदर बाजार का है जहां एक शराबी नशे में धुत बीच सड़क हंगामा कर रहा था। जैसे ही उसकी नजर पास खड़े हुए सांड पर पड़ी तो वे उसके ऊपर सवार हो गया।
सांड की सवारी करते हुए शराबी, बम बम भोले के जयकारे लगाने लगा। कुछ ही देर में पास खड़े हुए एक अन्य शरारती युवक ने सांड की पूंछ खींच दी जिससे सांड उग्र हो गया और उसने पीठ पर सवार शराबी को जमीन पर पटक दिया। शराबी के जमीन पर गिरते ही सांड ने एक बार फिर उस पर हमला बोला। नशे में धुत युवक ने सांड से खुद को बचाने की जगह उसके साथ जोर आजमाइश शुरू कर दी। आसपास खड़े लोग वीडियो बनाते रहे। इस बीच अचानक से सांड ने पूरी ताकत के साथ हमला बोलते हुए उसे उछालकर फेंका और जानलेवा हमला बोला। जिसे देख आसपास खड़े कुछ लोगों ने तत्काल शराबी को बचाया। सांड पर पानी और पत्थर फेंक कर उसे भगाया, तब कहीं जाकर शराबी की जान बची।