नीमच। पशुपतिनाथ साख सहकारी संस्था द्वारा जमाकर्ताओं की गाढ़ी कमाई का करीब 11 करोड रुपए हड़प लिया गया। या आरोप लगाते हुए संस्था के कमीशन एजेंट बड़ी संख्या में आज नीमच के एसपी कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन देकर परेशान अभिकर्ताओं ने पशुपतिनाथ सहकारी संस्था के अध्यक्ष आशीष हाड़ा और प्रबंधक सूर्यकान्त अलावा के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आशीष हाड़ा और सूर्यकान्त अलावा ने पशुपतिनाथ साख सहकारी संस्था नामक एक फर्जी सहकारी समिति स्थापित की। जिसकी पांच ब्रांच है। इसके बाद उन्होंने एजेंटों को नियुक्त कर लोगों के खाता खोलकर दैनिक योजना के माध्यम से पैसे एकत्रित किए। एजेंटों को विश्वास में लिया गया और जमाकर्ताओं को लुभावने सपने दिखाए गए।लेकिन जब ग्राहकों ने अपनी जमा रकम वापस मांगी, तो मंदसौर निवासी आशीष हाड़ा और सूर्यकान्त अलावा ने धोखाधड़ी से पैसे देने से इंकार कर दिया और संस्था को बंद कर दिया। इसके साथ ही उन्हें धमकियाँ दी गईं और कहा गया कि उन्हें ही ग्राहकों को पैसे लौटाने होंगे। एसपी कार्यालय पहुंचे पशुपतिनाथ साख सहकारी संस्था के एजेंटों ने इस धोखाधड़ी के लिए आशीष हाड़ा और सूर्यकान्त अलावा के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही और जनता की खून पसीने की कमाई का रुपए वापस दिलाने की मांग की है।