नीमच। छत्तीसगढ़ के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या के दोषियों को फांसी की सजा देने और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग करते हुए नीमच के पत्रकारों ने आज लामबंद होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन दिया। नीमच जिला प्रेस क्लब के बैनर तले राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन में पत्रकारों पर आए दिन हो रहे हमले को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि नीमच जिला प्रेस क्लब पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग करता है। डिप्टी कलेक्टर सीएस धारवे को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में पत्रकारों पर हमले, धमकियां और हत्या की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। जिससे सत्य को उजागर करने और जनहित की आवाज उठाने में कठिनाई आ रही है। यदि पत्रकारों को उचित सुरक्षा नहीं दी गई, तो वे कैसे अनीति के खिलाफ आवाज उठा पाएंगे। प्रेस क्लब छत्तीसगढ़ के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या के दोषियों को फांसी देने की मांग की गई। ताकि ऐसे कृत्यों को रोकने के लिए कड़ा संदेश जाए। पत्रकारों ने कहा कि दिवंगत मुकेश चंद्राकर के परिवार को न्याय दिलाने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए हम पत्रकार सुरक्षा कानून की तत्काल आवश्यकता महसूस करते हैं। ज्ञापन देने से पूर्व पत्रकारों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।