चित्तौड़गढ़। जिले के निंबाहेड़ा में पुलिस ने डोडाचूरा की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास 24.650 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया है। पुलिस ने जलिया चैक पोस्ट पर नाकाबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सीआई रामसुमेर ने बताया कि एएसआई गोकुल लाल मय पुलिस टीम जलिया चैक पोस्ट पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान नीमच की ओर से एक कार आई। संदिग्ध लगने पर कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। कार के अंदर पुलिस को प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा मिला। जिसका वजन कराने पर 24 किलो 650 ग्राम अवैध डोडाचूरा पाया गया।

पुलिस ने अवैध डोडाचूरा जब्त कर नीमच जिले के सुवाखेड़ा निवासी बहादुर सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर डोडा चूरा की खरीद फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही हैं।
