इंदौर। खजराना गणेश मंदिर पर परंपरागत तिल चतुर्थी मेला 17 जनवरी से शुरू हो गया। आज सुबह 10 बजे कलेक्टर और मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह, प्रशासक और निगम कमिश्नर शिवम वर्मा के आतिथ्य में ध्वजा पूजन हुआ। इसके बाद खजराना गणेश को सवा लाख लड्डुओं के भोग लगाया गया।
भक्त मंडल की ओर से सवा लाख तिल-गुड़ के लड्डुओं का निर्माण रात को पूरा हो गया था। तैयार लड्डू खजराना गणेश को रात्रि को 12 बजे समर्पित कर दिए गए। शुक्रवार सुबह 10 बजे भोग के पश्चात भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण शुरू हुआ।
भक्त मंडल के संयोजक अरविंद बागड़ी और कैलाश पंच ने बताया कि भक्त मंडल की ओर से 11 जनवरी से सवा लाख लड्डुओं के निर्माण का काम भोजनशाला में प्रारंभ कर दिया गया था। रात्रि को मंदिर के पुजारी पं. मोहन भट्ट और पं. अशोक भट्ट के सानिध्य में लड्डुओं को खजराना गणेश को समर्पित कर दिया गया।
मंदिर के प्रबंधक गौरीशंकर मिश्र के अनुसार अतिथियों द्वारा ध्वजा पूजन कर गणेशजी को स्वर्ण मुकुट सहित सोने के अन्य आभूषण धारण कराए गए। मंदिर में दर्शन की व्यवस्था महाकाल की तर्ज पर की गई है जिससे भक्तों को आधे घंटे से अधिक की प्रतीक्षा नहीं करना पड़ रही है।
18 जनवरी को गणेशजी को गोंद के और 19 जनवरी को उड़द के लड्डुओं का भोग भी लगाया जाएगा।