नीमच। जिले के जावद थाना और सरवानिया चौकी अंतर्गत गांव खेर खेड़ा निवासी एक 42 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक का नाम किशनलाल पिता डूंगर लाल भील है। किशन लाल रात को खेत पर पाणत करने गया था। जब वह सुबह तक नहीं लौटा तो घर वालों ने उसकी तलाश की। घर वालों ने देखा कि किशन लाल की टॉर्च और चप्पल खेत में कुए के यहां पड़ी है।

आशंका होने पर कुएं में देखा गया। किशन लाल की लाश कुएं में पाई गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण और पुलिस की सहायता से किशन लाल के शव को कुएं से निकाला गया और निजी वाहन द्वारा नीमच के जिला अस्पताल लाया गया। किशन लाल के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया है।
