नीमच। हमारा देश विश्व के सबसे मजबूत लोकतांत्रिक देशों में शुमार होता है। पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान के माध्यम से देश की जनता अपने प्रतिनिधि को चुनती है। पूरी चुनाव प्रणाली में चेक एंड बैलेंस का सिस्टम है।
यह बात नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 15 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नीमच के जिला पंचायत सभाकक्ष में एक गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर एडीएम लक्ष्मी गामड़ ने कहा कि देश का प्रत्येक मतदाता मताधिकार को लेकर जागरूक हो। सभी मतदाता चुनावों के दौरान अपने वोट का उपयोग करें। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के संदेश का प्रसारण हुआ। उन्होंने कहा कि देश की चुनाव प्रणाली ने लोकतंत्र की आवाज विश्व में बुलंद की है। हमारा लोकतंत्र नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। श्वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरुर डालेंगे हमश्, थीम पर आयोजित कार्यक्रम में कैंपस एंबेसडर, स्वीप पार्टनर, निबंध प्रतियोगिता के विजेता, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और चुनाव के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और बेज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नवीन मतदाताओं को मतदाता परिचय पत्र वितरित किए गए। समारोह में निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू, किरण अंजना, प्रीति सिंघवी, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, एसडीएम ममता खेड़े मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश पाटीदार ने किया।