नीमच। शहर के राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में खेले जा रहे फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच हंगामें की भेंट चढ़ गया। मैच का कोई निर्णय नहीं निकल पाया। खेल के मैदान पर खेल भावना और अनुशासन का भयावह तमाशा देखने को मिला। पूरा विवाद गोल को लेकर था। दरअसल ए यूनियन फुटबॉल क्लब नीमच द्वारा स्वर्गीय अमर सिंह तंवर की स्मृति में जिला फुटबाल संघ के तत्वाधान में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। जिसका दूसरा सेमीफाइनल आज अहीर यूनिवर्सल और फ्रेंड्स यूनियन के बीच खेला जा रहा था। मैच चलते हुए करीब 20 मिनट हो गए थे। अहीर यूनिवर्सल एक-शून्य से बढ़त बनाए हुए थी। इसके बाद फ्रेंड्स यूनियन के खिलाड़ी ने गोल पोस्ट की ओर बाल को किक मारी। यहीं पर गलतफहमी पैदा हुई। मैच में रेफरी ने गोल घोषित कर दिया। जिसे लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है कि बॉल गोल पोस्ट में गई है या नहीं। फ्रेंड्स यूनियन गोल की मांग कर रहा था और अहीर यूनिवर्सल गोल मानने को तैयार नहीं थी। जिसको लेकर मैदान में हंगामा मच गया। दर्शक मैदान के भीतर प्रवेश कर गए। अशोभनीय भाषा का प्रयोग होने लगा। समझाने बुझाने के बाद भी कोई हल नहीं निकल पाया। आखिर में मैच रोकना पड़ा। जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारी ने घोषणा करते हुए कहा कि फिलहाल मैच को कमेटी के निर्णय लेने तक स्थगित किया गया है।यह बात साफ तौर पर ज़ाहिर है कि नीमच के फुटबॉल के लिए इस तरह का वातावरण कत्तई उचित नहीं है। खेल के लिए अनुशासन और स्वस्थ खेल स्पर्धा का होना नितांत आवश्यक है और अनुशासित वातावरण बनाने की जिम्मेदारी जिला फुटबाल संघ की है।