नीमच। शहर के इन्वेशन की स्टार बास्केट बॉल खिलाड़ी दिव्यानी गंगवाल ने एक बार फिर देश में अपने शहर का नाम रोशन किया है। देवयानी गंगवाल नामदेव ने बास्केटबॉल की भारतीय टीम में पदार्पण करने के साथ ही दिल्ली में आयोजित साबा एशियाई चैंपियनशिप साउथ एशियन बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि इस चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों ने भाग लिया था। गोल्ड मेडल प्राप्त करने के बाद नीमच पहुंचने पर शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों, परिचितों और परिजनों ने दिव्यानी का भव्य स्वागत किया। इसके बाद खुली जीप में सवार दिव्यानी गंगवाल का भव्य जुलूस निकाला गया। खुशी का इजहार करते हुए खेल प्रेमी और परिवारजन ढोल नगाड़ों की धुन पर जमकर नाचे। दिव्यानी को गणमान्य नागरिकों और स्नेहीजनों ने पुष्प गुच्छ भेंट किये। फूल-मालाएं पहनाकर बधाई और शुभकामनाएं दी गई। गौरवान्वित परिवारजनों ने आरती कर अपना प्यार व्यक्त किया। नीमच के रेलवे स्टेशन पर भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। इस अवसर पर कोच किशनपाल सिंह, भाजपा की जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, समाजसेवी संतोष चोपड़ा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य, पार्षद किरण शर्मा, उमेश कल्याणी, विजय बाफना, रोशन वर्मा और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। निश्चित ही नीमच, दिव्यानी की इस उपलब्धि पर गदगद है। उम्मीद की जानी चाहिए कि दिव्यानी की सफलता के बाद नीमच का बास्केटबॉल नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने को प्रेरित होगा।