खनियाधाना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज गुरुवार को 3 बजे खनियाधाना में हितग्राही सम्मेलन में भाग लिया और हितग्राहियों को लाभ वितरण किए। वही खनियाधाना आने के पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खानियाधाना के रजावन गांव में 18 मार्च को हुए नाव हादसे में 7 लोगों की मौत होने के बाद आज रजावन गांव पहुंचकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शोक संवेदना व्यक्त की वही खनियांधाना पहुच कर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि आज महावीर जयंती का अवसर है और महावीर स्वामी ने न केवल भारत की जनता बल्कि विश्व की जनता को मोक्ष का मार्ग दिखाया। हमें उनके आदर्शों से सीख लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मैं अपने क्षेत्र की जनता के लिए सदैव चौकीदार बन कर तत्पर खड़ा हूं और कठिन समय में सदैव मेरी जनता के साथ हूं। लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए जो पिछली बार जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें जो भी आवेदन आए। पात्रतानुसार सभी का निराकरण किया गया है। एक-एक आवेदन मेरे लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण कार्यों की लगातार सौगात दी जा रही है। 5 करोड़ आवास बनाए जाएंगे कोई भी बिना आवास के ना रहे। 2030 तक सभी का अपना आवास हो, ऐसी संकल्पना है। प्रदेश में लाडली बहनों को प्रतिमाह 1250 रुपए प्रदान किया जा रहे हैं। सरकार ने आयुष्मान कार्ड के तहत 5 लाख तक की स्वास्थ्य गारंटी प्रदान की है। पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए नल जल योजना लाई गई है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पिछोर में ही 13 विद्युत सब स्टेशन लगाए गए हैं। चंदेरी से पिछोर तक 415 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। यह सरकार की ओर से क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है।