नीमच। शहर के कलेक्टर कार्यालय पर आज जिला हॉकी संघ के बैनर तले संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर खेल मैदानों की आवंटित भूमि पर एस्ट्रो टर्फ लगाने की मांग की गई। जिसे लेकर जिला हाकी संघ नीमच के प्रतिनिधि और हॉकी खिलाड़ियों ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में चर्चा की। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग़ौर से हॉकी संघ की समस्या को सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बताते चलें कि नीमच जिले में 8 हॉकी क्लब एवं 2 सीआरपीएफ हॉकी टीमें जिला हॉकी संघ से पंजीकृत हैं। वर्ष 2013 से अब तक 13 प्रतियोगिताएं, 5 राज्य स्तरीय और 2 नेशनल कैंप नीमच में आयोजित हो चुके हैं। जिले से 28 खिलाड़ी शालेय स्तर पर और 55 खिलाड़ी ओपन नेशनल में चयनित हो चुके हैं। वर्तमान में खेलो इंडिया स्माल सेंटर और मध्यप्रदेश फीडर सेंटर भी नीमच में संचालित हो रहा है। वर्ष 2008 में ग्राम कनावटी में सर्वे नं. 668 की 2 हेक्टेयर भूमि खेल परिसर हेतु आवंटित की गई थी तथा 2012 में हॉकी टर्फ निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजा गया था, परंतु आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। जिला हाकी संघ ने ज्ञापन सौंपकर खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए कार्य में आ रहे अवरोधों को दूर कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।