नीमच। नारकोटिक्स और पुलिस अधिकारियों द्वारा अफीम व तस्करी के झूठे प्रकरणों में फंसाए जाने से आक्रोशित किसानों ने आज नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार की अगुवाई में बड़ी संख्या में लामबंद होकर डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर के नाम एक ज्ञापन दिया। नारकोटिक्स कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। किसानों का कहना था कि नारकोटिक्स अधिकारियों और पुलिस द्वारा निर्दाेष किसानों को झूठे केसों में फंसाया जा रहा है। हाल ही में एक किसान के पास से 4 किलो 600 ग्राम अफीम पकड़ी गई और उसमें 63 किसानों के शामिल होने की बात करते हुए बेकसूर काश्तकारों को परेशान किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि अक्सर इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं।दरअसल जीरन के ग्राम बरखेड़ा सोंधिया के एक अफीम काश्तकार को 11 मई को नारकोटिक्स के अधिकारियों और पुलिस द्वारा अफीम प्रक्ररण में गिरफ्तार किया गया है। अफीम किसानों का कहना है कि गिरफ्तार किसान द्वारा द्वेषता व रंजिश रखते हुए गांव के किसानों के झूठे नाम नारकोटिक्स अधिकारियों को बताये जा रहे हैं।अब अधिकारी फोटो वीडियो बनाकर लोगों को परेशान कर रहे हैं और बोल रहे हैं कि ऑफिस आकर बात करनी पड़ेगी। किसानों का कहना है कि शासन के नियमों के अधीन कृषक अफीम काश्तकारी कर रहा है। इस तरह के झूठे केसों के चलते किसान काफी मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि यह जो व्यक्ति पकड़ा गया है उसके द्वारा अवैधानिक कार्य किया जाता है और गांव के बेकसूल लोगों का उसके द्वारा झूठा नाम लिया जा रहा है। आरोपी किसान द्वारा जिन किसानों के झूठे नाम लिए गए हैं,वह सीपीएस पद्धति के अनुरूप कृषि कार्य करते हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि निर्दाेष किसानों को अफीम व तस्करी के झूठे प्रकरण में जिन अधिकारियों द्वारा फसाया जा रहा है, उन अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी हैं कि अगर ऐसा नहीं होता है तो नारकोटिक्स के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन देने से पहले जीरन क्षेत्र के गांव चल्दू, मात्या खेड़ी, अरनिया बोराना,बांसखेड़ा, सकरानी व अन्य गांव के किसानों ने दशहरा मैदान से उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पैदल रैली निकाली। ज्ञापन देने के बाद नारकोटिक्स विभाग के सुपरिंटेंडेंट वीएस कुमार ने कहा कि इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।