दनिया। मध्यप्रदेश के दतिया के निचरौली जंगल में गुरुवार रात खैर की लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंचे वन विभाग की टीम और पुलिस पर तस्करों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में सभी वनकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में खैर की लकड़ी जब्त की है।
घटना गुरुवार देर शाम की है जब बीट गार्ड अपनी टीम के साथ जंगल में गश्त पर थे। गश्त के दौरान टीम को एक कुएं के पास खैर की लकड़ी का बड़ा ढेर दिखाई दिया। टीम ने जब लकड़ी की जांच शुरू की, तभी 5 से 6 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
वनकर्मी किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो तस्करों ने उन पर भी फायरिंग शुरू कर दी। रात करीब 10 बजे तक बदमाशों ने 50 से ज्यादा राउंड फायर किए।
तस्करों ने जंगल में आग भी लगा दी, ताकि लगे की लकड़ी जल गई है, जबकि यह पुलिस को गुमराह करने की एक चाल थी। इस बीच, बदमाश मेटाडोर में लकड़ी भरकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ मात्रा में लकड़ी जब्त कर वन विभाग को सौंप दी है। इस मामले में पुलिस ने 6 से 7 अज्ञात तस्करों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।