मनासा। थाना क्षेत्र के ग्राम सोजवास में सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि एक 20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र पिता कालूराम बावरी, निवासी सोजवास ने बीती रात अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मंगलवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल मनासा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर मर्ग कायम किया। मृतक के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलु से जांच की जा रही है।
