गरोठ। गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.7 किलो अफीम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काली रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक (MP44ZC8722) से मेलखेड़ा से गरोठ की ओर आ रहे हैं। वारनी फंटा पर नाकाबंदी कर पुलिस ने दोनों आरोपियों योगेश (26) पिता बापूलाल, निवासी पानपुर थाना नाहरगढ़ एवं रोडसिंह (70) पिता भगवानसिंह, निवासी सुवासरा को रोका।
तलाशी में उनके पास से प्लास्टिक थैले में रखी 2.7 किलो अफीम बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि यह अफीम राजु पिता गणेशराम बलाई, निवासी महुआ थाना सीतामऊ को पहुंचाई जानी थी, जिसे बाद में गरोठ स्टेशन से पकड़ा गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर बाइक जब्त कर ली गई है।