नीमच। जिले के जावद से रिश्तों की मर्यादा और विश्वास को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज़ घटना जावद क्षेत्र से सामने आई है, जहाँ एक पत्नी पर अपने पति को जान से मारने की नीयत से दूध में ज़हर (कीटनाशक) मिलाकर देने का गंभीर आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जावद के रामपुर दरवाजा निवासी 30 वर्षीय शाहरुख पिता युसूफ रोज़ की तरह अपने काम पर निंबाहेड़ा जाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी नाजिया द्वारा दिया गया दूध जैसे ही पिया, उन्हें उसमें काला पदार्थ दिखाई दिया। जब शाहरुख ने इस बारे में पत्नी से पूछा, तो उसने लापरवाही से इसे तवे की खुरचन बताया।
हालाँकि शाहरुख को शक हुआ और उसने घर में तलाशी ली, जहाँ अलमारी में चूहे मारने की दवा रखी मिली। उसी समय शाहरुख की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
शाहरुख के परिवारजनों का आरोप है कि नाजिया पहले भी मानसिक प्रताड़ना देती रही है और अक्सर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियाँ देती थी। परिजनों का यह भी दावा है कि यह कोई पहली घटना नहीं है।

घटना के बाद नाजिया बुर्का पहनकर भागने की कोशिश में थी, लेकिन मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शाहरुख की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
