नीमच। शहर के बहुचर्चित लीला देवी हत्याकांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मुख्य आरोपी अर्जुन मीणा के 65 वर्षीय पिता मुन्नालाल मीणा ने आज सुबह अपने बघाना स्थित आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बताते चलें कि हाल ही में नीमच शहर में बंसल चौराहे के पास आशीष मल्टी में हुए लीला देवी हत्याकांड ने सबको झकझोर कर रख दिया था।इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें अर्जुन मीणा को मुख्य आरोपी बनाया गया था।मृतक के पुत्र महेश मीणा ने बताया कि उनके पिता मुन्नालाल मीणा की आदत थी कि वे रोजाना सुबह 6 बजे उठ जाते थे और उनके कमरे का दरवाज़ा भी हमेशा खुला रहता था।लेकिन आज सुबह जब दरवाज़ा नहीं खुला, तो परिजनों को अजीब लगा। उन्होंने दरवाज़ा खोलकर देखा तो मुन्नालाल मीणा को फांसी के फंदे पर लटका पाया। इस हृदय विदारक दृश्य को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बघाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बघाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, मुन्नालाल मीणा अपने पुत्र अर्जुन मीणा का नाम लीला देवी हत्याकांड में आने से गहरे मानसिक तनाव में थे। ऐसा माना जा रहा है कि इसी गहरी पीड़ा और भावनाओं को ठेस पहुंचने के कारण उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया। परिवार पर आए इस अचानक संकट ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
