कुकड़ेश्वर। नगर के हनुमंत्या रोड स्थित राजाधिराज खेड़ापति गजानंद गणपति मंदिर पर रविवार शाम भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7.30 बजे पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
महाआरती में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान गणपति के जयकारों के बीच भक्तगण भक्ति रस में झूमते और नाचते नजर आए। पूजा-अर्चना के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया, जिनेंद्र मारू, हरिशंकर मालवीय, नगर पत्रकार संघ से भंवरलाल मांडीवाल, दशरथ नागदा, राजेंद्र (राजू) पटेल, हर्षित माहेश्वरी, विनोद पोरवाल एवं गणेश उत्सव समिति से विजेश माली सहित समिति के सदस्य एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।