नीमच। शहर के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में आज श्री चंद्रवंशी ग्वाला गवली समाज ग्वालटोली द्वारा राधाष्टमी का महापर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समाज के वरिष्ठ सदस्य धन्नालाल पटेल, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष विजय पढरिया और प्रवक्ता रवि दीवान ने इस आयोजन की जानकारी दी। दोपहर 12 बजे मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ के बीच, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय भजनों के साथ देवी राधा का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-ढमाकों और डीजे की धुन पर, रंगीन ध्वजाओं के साथ निकली यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर ग्वालटोली के गली-मोहल्लों से गुजरी, जहाँ जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल भक्तगण राधे-राधे के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। साथ में चल रही झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही।मंदिर में महाआरती का आयोजन होगा,जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे। 56 भोग लगाकर महाप्रसादी का वितरण होगा।