निंबाहेड़ा। नगर की आदर्श कॉलोनी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा आयोजित श्री गणेश उत्सव के दौरान कोतवाली थाना के पुलिस जवानों ने महाआरती में भाग लिया। इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक सूरज कुमार, कांस्टेबल वीरेंद्र मीणा और सरियाराम मीणा ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति ने पुलिस जवानों का ऊपरना पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान एएसआई सूरज कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ ईश्वर सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में कानून का पालन करने, गुरुजन और माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया।
पुलिस जवानों की इस पहल से आयोजन स्थल पर मौजूद आमजन और विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के नवाचार से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और गर्व की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और विद्यार्थी उपस्थित रहे।