रामपुरा। तेजा दशमी के अवसर पर मंगलवार को गरबा नृत्य की धूमधाम के साथ नगर के मुख्य मार्गों से बाबा रामदेव जी का भव्य जुलूस निकाला गया।
जुलूस रैगर समाज राम मंदिर से ढोल-नगाड़ों की थाप पर प्रारंभ होकर नगर के मध्य स्थित जगदीश मंदिर पहुंचा, जहाँ बाबा रामदेव जी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यह बादीपूरा राम मंदिर, छोटा बाजार, सूरज घाट, तंबाकू बाजार, नाका नंबर दो होते हुए बालाजी मंदिर पहुँचा। पूजा-अर्चना के बाद जुलूस पुनः रैगर समाज राम मंदिर पहुंचा, जहाँ महाआरती के साथ समापन हुआ। इसके पश्चात प्रसादी एवं सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ।
जुलूस के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएँ, युवा और समाजजन शामिल हुए। पूरा वातावरण भक्ति, उत्साह और परंपरा की झलक से सराबोर रहा।