नीमच। शहर के निजी अस्पताल गुप्ता नर्सिंग होम में इलाज के दौरान सत्यनारायण दायमा की मौत का मुद्दा तुल पकड़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम के बाहर पुलिस चौकी के सामने धरने पर बैठे हुए है। उनका आरोप है कि बिना परमिशन के पोस्टमार्टम कर दिया गया है। परिजन और समाज के लोग प्रशासन से जवाब तलब कर रहे है। मौके पर एडीएम, एसडीएम संजीव साहू और टीआई विकास पटेल भी परिजन और समाज जनों को समझाने पहुंचे। लेकिन उनकी एक ही मांग है, कि प्रशासन डॉक्टर के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे। परिजनों का कहना है कि हम सुबह से भूखे प्यासे बैठे हैं। लेकिन प्रशासन का रवैया मानवतावादी नहीं है। सत्यनारायण का शव पोस्टमार्टम रूम में रखा रहा। परिजनों के हंगामा करने के बाद करीब 3.30 बजे शव को फ्रीजर में रखा गया। फिलहाल इस मामले का कोई समाधान निकलता हुआ नजर नहीं आ रहा।