नीमच। आरटीओ चेक पाइंट की अवैध वसूली एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे नयागांव-निंबाहेड़ा फोरलेन पर ट्रक और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरटीओ बैरियर पर प्राइवेट ठेका प्रथा के लोग खाकी वर्दी पहनकर ट्रकों से वसूली करते हैं। बताया गया कि जब ट्रक आता है तो ये लोग अचानक सड़क के बीचों-बीच बैरिकेड्स लगा देते हैं, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। अचानक बैरिकेड लगाए जाने से एक ट्रक चालक ने बचने की कोशिश की और इस दौरान बाइक पर सवार जावद निवासी दो युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार हरीश रजक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सूरज पिता सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को टोल कंपनी की एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया। वहीं, आरोप है कि हादसे के बाद आरटीओ बैरियर पर खड़े वसूलीकर्मी बैरिकेड्स झाड़ियों में छुपाकर मौके से भाग गए।