मनासा। डोल ग्यारस के पावन पर्व पर मंगलवार को ग्राम देवरी खवासा में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान चारभुजा नाथ का भव्य जुलूस युवा मित्र मंडल के नेतृत्व में निकाला गया। यह परंपरा पिछले 15 वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है, जिसमें पूरे गांव सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
जुलूस में भगवान चारभुजा नाथ को देवस्थान से विराजमान कर नगर भ्रमण पर निकाला गया। जैसे ही शोभायात्रा आगे बढ़ी, डीजे और ढोल की थाप, बैंड-बाजों की मधुर धुन और भक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। महिलाएं बैंड की धुन पर भक्ति नृत्य करती नजर आईं, वहीं युवाओं ने डीजे और ढोल की ताल पर नृत्य कर माहौल को और जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर भक्तों के लिए विशेष प्रसादी की व्यवस्था की गई। रामनाथ कोठारी द्वारा सांवलिया जी का लड्डू प्रसाद, भोनीराम पाटीदार व बनकट पाटीदार द्वारा केले की प्रसादी तथा राठौर समाज द्वारा केसर दूध का वितरण किया गया, जिससे श्रद्धालु आनंदित हो उठे।
जुलूस सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड, देवनारायण चौक, इमली चौक से गुजरते हुए भोलेनाथ मंदिर पहुंचा। यहां भगवान चारभुजा नाथ का स्नान-ध्यान, महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया।
युवा मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन गांव की आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। ग्रामीणों ने हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़े हर्ष और उल्लास के साथ भगवान चारभुजा नाथ के जुलूस का स्वागत किया।