कुकड़ेश्वर। नगर में प्रति वर्ष परंपरागत रूप से मनाए जाने वाले देवजुलनी ग्यारस पर्व पर इस वर्ष भी बुधवार को भगवान के डोल (बेवान) बड़ी ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ निकाले गए।
नगर के सभी प्रमुख मंदिरों से बेवान एकत्र होकर सबसे पहले प्राचीन महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान का स्नान कराकर नवीन वस्त्र पहनाए गए, बाल भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई।
भगवान के जयकारों से गूंजते नगर में बैंड-बाजों की मधुर धुनों और भक्तों के उल्लास के बीच डोल यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान नगर के प्रत्येक मंदिर पर भगवान की आरती उतारी गई। यह यात्रा बस स्टैंड मार्ग से होकर पुनः अपने-अपने मंदिरों पर पहुंचकर संपन्न हुई।
भक्तों की भारी भीड़ और भक्तिमय वातावरण ने आयोजन को और भी अद्भुत व अविस्मरणीय बना दिया। पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम दिखाई दिया।
कार्यक्रम में शासन-प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा। सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस प्रशासन की टीम, कुकड़ेश्वर थाने के टीआई भीम सिंह सिसोदिया, तहसीलदार नवीन सलोत्रा एवं पूरी प्रशासनिक टीम नगर परिषद के कर्मचारी अधिकारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिससे संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।