जीरन। जलझूलनी एकादशी पर निकले विशाल जुलूस ने जीरन में साम्प्रदायिक सौहार्द की अद्भुत मिसाल पेश की। डोल (बेवाण) जैसे ही मस्जिद के सामने पहुंचा, मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। साथ ही प्रसाद वितरण कर भाईचारे का संदेश दिया।
इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग जुलूस में शामिल होकर हिंदू भाइयों को गले लगे और डोल ग्यारस पर्व की बधाई दी। बेवाण में विराजित भगवान को मुस्लिम भाइयों ने पुष्पमालाएं और प्रसाद अर्पित किया।
मस्जिद की छत से भी फूलों की वर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल कौमी एकता और भाईचारे के रंग में रंग गया। खचाखच भरे रास्तों पर प्रसाद वितरण और जयकारों के बीच यह दृश्य जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए साम्प्रदायिक सौहार्द की यादगार मिसाल बन गया।