नीमच। शहर में यादव समाज द्वारा 108 वां डोल ग्यारस का पर्व बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज द्वारा एक विशाल और आकर्षक चल समारोह निकाला गया, जिसमें भगवान श्री कृष्ण के मनमोहक स्वरूपों और सामाजिक झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। यह चल समारोह यादव मंडी छावनी स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर से शुरू हुआ। डीजे पर बजते भगवान श्री कृष्ण के मधुर भजनों पर युवा जमकर थिरकते हुए चल रहे थे। फूलों से सजे आकर्षक विमान में विराजित भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भक्तों को दर्शन देते हुए नगर भ्रमण कर रही थी।चल समारोह में शामिल झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की सजीव झांकी, झूले पर विराजित श्री नंदलाल, नाग के फन पर खड़े श्री कृष्णजी, और बांसुरी बजाते कृष्णजी की झांकियां प्रमुख थीं। इसके अलावा, आदियोगी महादेव, बाहुबली हनुमान की प्रतिमाएं और रतलाम की हैरतअंगेज करतब पार्टी ने भी सबका ध्यान खींचा। अखाड़े के पहलवानों ने अपने करतबों से समारोह में जोश भर दिया।समाजजनों ने भगवान श्री कृष्ण की विधिवत पूजा और महाआरती की। इसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया। रास्ते में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर समारोह का भव्य स्वागत किया। देर रात यह चल समारोह श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस आयोजन में बड़ी संख्या में यादव समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन शामिल थे।