नीमच। जिला अस्पताल गुरुवार को रणभूमि का नज़ारा पेश करता दिखा, जब प्रशासन ने पूरी ताकत झोंककर सत्यनारायण दायमा के शव को एंबुलेंस में रखकर रवाना किया। शव को पोस्टमार्टम रूम से निकालने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई।

एसडीएम संजीव साहू और टीआई विकास पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनका उद्देश्य शव को निकालकर परिजनों को सौंपना था, लेकिन धरने पर बैठे समाजजन भड़क उठे। उन्होंने शवगृह के दरवाज़े पर ताला जड़ दिया और पुलिस को अंदर घुसने से रोक दिया।

हालात बिगड़ते ही पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान टीआई विकास पटेल भीड़ से उलझते हुए ज़मीन पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। चाबी न मिलने पर पुलिस ने शवगृह का ताला तोड़ दिया और शव को बाहर निकालकर एंबुलेंस में रखवा दिया। इस दौरान मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।

शव को गांव रवाना करने के बाद अस्पताल परिसर में तनाव और बढ़ गया। नाराज़ समाजजन अस्पताल में ही धरने पर बैठ गए। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती भी पहुंचे।

इस मामले पर एसडीएम संजीव साहू ने कहा कि पूरी घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, समाजजन शव ले जाने में पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।
