नीमच। मृतक सत्यनारायण दायमा प्रकरण में बंजारा समाज का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला चिकित्सालय परिसर में मृतक की पत्नी और दोनों सगे भाई समाज जनों के साथ अब भी धरने पर बैठे हैं। इधर, जोड़मी गांव में शव को ले जाने वाली एंबुलेंस पहुंचने पर परिजनों और समाज जनों ने शव उतारने से इनकार कर दिया। इससे स्थिति और पेचीदा हो गई है। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर नज़र बनाए हुए हैं।
जिला चिकित्सालय में धरनारत लोग प्रशासन की कार्रवाई और शव ले जाने के तौर-तरीके को लेकर नाराज हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। परिस्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल और जोड़मी गांव दोनों जगह तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और प्रशासन समाधान की कोशिशों में जुटा है।