मनासा। तहसील क्षेत्र के ग्राम चपलाना में बड़कुआ रोड पर घाटी के पास बने गड्ढे में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ देखा। इसकी सूचना तत्काल मनासा वन विभाग की रेस्क्यू टीम को दी गई।
टीम दोपहर करीब डेढ़ बजे मौके पर पहुंची और रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन गड्ढे में पानी अधिक होने से सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाई गई, जो शाम 4 बजे तक नहीं पहुंच पाई। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे रेस्क्यू अभियान अधूरा रह गया।
वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि यह गड्ढा डीबीएल कंपनी द्वारा खोदी गई पेयजल पाइप लाइन से जुड़ा है। आशंका है कि मगरमच्छ पाइप के अंदर चला गया, जिसके चलते रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया।