शाजापुर। युथ ऑफ बलाई समाज कबीर फाउंडेशन शाजापुर द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे, विशेष अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण मंडलोई तथा अध्यक्षता जिला खेल अधिकारी बीएल गोयल ने की। कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक दिलीप सिंह बामनिया तथा उपाध्यक्ष नारायण सिंह मालवीय ने उपस्थित सभी शिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. विवेक दुबे ने कहा कि भारत के द्वितीय राष्ट्रपति और महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है। समाज में सबसे गरीब से गरीब बच्चे तक शिक्षा पहुँचे, यही हमारा प्रयास होना चाहिए। एक अच्छा शिक्षक वह है जो कठिनाइयों से उबारता है, आत्मविश्वास दिलाता है और सफलता की ओर प्रेरित करता है।
अध्यक्षता कर रहे बीएल गोयल ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन की नींव रखते हैं। यदि छात्र पेड़ हैं तो शिक्षक उसकी जड़ हैं। विशेष अतिथि प्राचार्य प्रवीण मंडलोई ने कहा कि एक सच्चा शिक्षक किताबों से अधिक अपने कर्मों से शिक्षा देता है, जो जीवन भर याद रहती है। कबीर फाउंडेशन अध्यक्ष दिलीप सिंह बामनिया ने कहा कि गुरु वह रोशनी हैं जो अंधेरों में राह दिखाते हैं। ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छे विचार और सही दिशा देना ही सच्चे शिक्षक की पहचान है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सरपंच जितेंद्र मालवीय, धर्मेंद्र मालवीय, जितेंद्र बमोरी, यश पिंकू मालवीय, सुनील मालवीय, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। प्रवक्ता राजेश सिसनोरिया ने जानकारी दी तथा संचालन शिक्षक माखनलाल धानुक ने किया।