मनासा। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी मनासा में बड़े शानो-शौकत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। 2 सितम्बर से प्रतिदिन रात्रि में धर्मगुरुओं द्वारा तकरीर का आयोजन किया गया, वहीं शुक्रवार 5 सितम्बर को अंजुमन कमेटी मनासा की अगुवाई में शहरभर में भव्य जुलूस निकाला गया।
जुलूस-ए-मोहम्मदी की शुरुआत जूनासाथ मोहल्ले से हुई, जो मुख्य बाजार, रामपुरा नाका मस्जिद, ऊषागंज होते हुए पुनः जूनासाथ पहुंचा, जहाँ आलिमों की तकरीर, अमन-शांति की दुआ और तबर्रुक वितरण के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस जुलूस में शहर के मुस्लिम समाजजन और नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जुलूस में शहर काजी व जामा मस्जिद के इमाम जनाब आसिफ रजा, नूरानी मस्जिद के इमाम जनाब मेराज आलम, दावल शाह मस्जिद के इमाम और कारी मोइन राजा बग्घी में सवार रहे। इस अवसर पर दारुल उलूम अहमद रजा के इमाम कारी मोइन राजा कादरी और हाफिज अब्दुल कय्यूम निजामी ने भी शिरकत की।
कार्यक्रम में इंतजामिया कमेटी के सदर जाहिद भाई मिस्त्री अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। साथ ही जामा मस्जिद के सदर डॉ. वसीम, नूरानी मस्जिद के सदर जनाब अशफाक भाई पठान, दावल शाह मस्जिद के सदर जनाब बबलू भाई सहित समाजजन, उलमा-ए-इकराम और दीगर गणमान्य नागरिकों ने शिरकत कर कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में अंजुमन कमेटी ने सभी का आभार व्यक्त किया।