देवरी खवासा। सरदार पटेल युवा संगठन द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय योग शिविर का समापन शुक्रवार को सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर कदम बढ़ाया।
शिविर का संचालन योगाचार्य आनंद शर्मा ने किया। उन्होंने प्रतिदिन प्रातःकालीन सत्रों में योगासन, प्राणायाम, ध्यान और तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक अभ्यास कराए। योगाचार्य ने साधकों को योग के सिद्धांत सरल भाषा में समझाते हुए दैनिक जीवन में अपनाने योग्य उपाय बताए।
सत्रों में पाचन क्रिया सुधारने वाले आसन, रीढ़ की लचीलापन बढ़ाने वाले व्यायाम, प्राणायाम, मानसिक एकाग्रता के लिए ध्यान तथा रोग निवारण संबंधी विशेष अभ्यास कराए गए। शिविर में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें नींद, तनाव, थकावट और शारीरिक जकड़न से राहत मिली है। सभी ने योगाचार्य के अभ्यास को प्रभावशाली और व्यावहारिक बताया।
आयोजकों ने योगाचार्य का आभार जताते हुए कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा। समापन अवसर पर जीवन पाटीदार, करूलाल पाटीदार, मुकेश पाटीदार, ओमप्रकाश इंद्रमल, रामप्रहलाद कोठारी, रामगोपाल, सतनारायण सोनी, ओमप्रकाश नागदा, दिनेश पाटीदार सहित गांव की माताएं, बहनें और योग साधक उपस्थित रहे।