देवरी खवासा। गांव देवरी खवासा में युवा मित्र मंडल द्वारा लगातार पिछले 15 वर्षों से बड़े ही हर्षाेल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
दस दिवसीय इस आयोजन के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। विशेष आकर्षण के रूप में प्रतिदिन गांव की महिलाओं द्वारा पंडाल में डांडिया खेला गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहते थे।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर सुबह हवन-पूजन और अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके उपरांत शाम 7.30 बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा। महाप्रसादी के बाद गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए बप्पा को भावभीनी विदाई देंगे।
गांववासियों ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सामूहिक सहभागिता से सम्पन्न होता है। “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के साथ पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।