नीमच। मानवता की सेवा और समाज कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए दावते इस्लामी इंडिया के वेलफेयर डिपार्टमेंट ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन ने ईदगाह रोड नीमच में 1500वें ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर एक भव्य और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन धार्मिक पर्व की खुशी के साथ श्रक्त दें, जीवन बचाएंश् के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाता है।
आयोजन कर्ताओं ने कहा कि यह शिविर इस बात का उदाहरण है कि कैसे सामाजिक संस्थाएं एक नेक काम को अंजाम दे सकती हैं। खून का दान करना, किसी व्यक्ति को जीवन का सबसे अनमोल उपहार देना है। यह एक ऐसा कार्य है जो धर्म, जाति, या समुदाय की सीमाओं से परे है, और सीधे तौर पर मानवता की सेवा से जुड़ा है। जीएनआरएफ का यह प्रयास उन लोगों के लिए आशा की किरण लेकर आया है, जिन्हें आपातकालीन स्थिति में रक्त की तत्काल आवश्यकता होती है।
रक्तदान शिविर में करीब 200 से अधिक यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। जीएनआरएफ और ब्लड बैंक की टीम और स्वयंसेवकों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान सभी सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों का कड़ाई से पालन किया गया, जिससे रक्तदाताओं को कोई असुविधा न हो। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र और पौधे देकर सम्मानित किया गया। जीएनआरएफ ने सभी रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। जीएनआरएफ ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और कल्याणकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया है।