मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ में महू-नीमच फोरलेन पर शनिवार रात हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय ढोल वादक अभय दमामी की मौत हो गई। अभय नीमच जिले के रेवली देवली गांव के निवासी थे और सीतामऊ में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में ढोल बजाने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार रास्ते में अंग्रेजी शराब दुकान के सामने तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अभय सड़क पर गिर पड़े और ट्राले का अगला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्राला जब्त, चालक-क्लीनर हिरासत में
मल्हारगढ़ थाना प्रभारी राजेन्द्र पंवार ने बताया कि ट्राले को जब्त कर लिया गया है। चालक और क्लीनर को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चार महीने पहले हुई थी शादी-
अभय की शादी चार महीने पहले ही हुई थी। वे पेशे से ढोल वादक थे और कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने जाते थे। हादसे के समय उनके साथी कार से पीछे आ रहे थे। अभय की मौत की खबर गांव पहुंचते ही रेवली देवली में शोक की लहर दौड़ गई। नवविवाहित की असामयिक मौत से परिवार और गांव में गहरा सदमा है।
