नीमच। जैन धर्म के महापर्व पर्युषण के अवसर पर जैन सोशल ग्रुप नीमच मेन द्वारा एक भव्य कार्यक्रम क्षमा याचना एवं तपस्वी बहुमान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जप, तप, त्याग और तपस्या करने वाले लगभग 21 तपस्वियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने वर्षीतप अठाई 8 उपवास या उससे अधिक की तपस्या पूर्ण की है।
यह आयोजन जैन धर्म के सिद्धांतों और मूल्यों को समाज में बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद नवकार मंत्र और सूत्र वाचन से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें सुशील चौधरी, अध्यक्ष कोमल गांग, कोषाध्यक्ष पारस कांठेड़, मनोहर सिंह लोढ़ा, महेंद्र चौधरी, एमएल जैन, पीसी रांका, सुभाष बाफना, दिलीप डूंगरवाल, पूर्व नपाध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, कीर्ति मोडी और मीना बाफना शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने जैन धर्म के सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए और इस तरह के आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर सभी तपस्वियों का तिलक लगाकर, माला, दुपट्टा, शाल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में एक विशेष घोषणा डॉ. रमेश दक द्वारा की गई, जिन्होंने नीमच, मंदसौर, चित्तौड़ और प्रतापगढ़ के जैन समाज के सदस्यों के लिए मुफ्त परामर्श की सुविधा देने का वादा किया। इसके अलावा, एक्स-रे, जांच और प्लास्टर जैसी सेवाओं पर 50 प्रतिशत की छूट की भी घोषणा की गई, जिसका जैन सोशल ग्रुप नीमच मेन परिवार ने हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिवानी कपिल जैन और डॉ. बीना चौधरी ने किया। अंत में सचिव ललित बडोला ने सभी से क्षमा याचना करते हुए आभार व्यक्त किया।