मनासा/नीमच। समाजसेवा के क्षेत्र में 6 वर्ष पूर्व मंदसौर से शुरू हुई बी.आर. फाउंडेशन की पहल आज पूरे मध्यप्रदेश में अपनी पहचान बना चुकी है। संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। रविवार को संस्था का 6वां स्थापना दिवस मनासा में धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इस अवसर पर समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को बी.आर.एफ. सेवा रत्न अवार्ड, उत्कृष्ट सेवा सम्मान, सेवा सम्मान और ट्री अवार्ड प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आर. सागर कछावा ने कहा कि मंदसौर से शुरू हुई समाजसेवा की मिशाल अब पूरे एमपी में जनआंदोलन का रूप ले रही है। युवाओं का यह जज्बा आने वाले वर्षों में और भी नई ऊँचाइयों को छुएगा।
स्थापना दिवस पर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए नन्हे हाथ, हरियाली साथ अभियान की शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत नगर की रामतलाई पर वृक्षारोपण किया गया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में समाजसेवी अश्विनी सोनी, एडवोकेट भेरूप्रसाद परमार, संस्था संरक्षक हीरालाल डायमंड, सुरेश खचरानिया, राजेश अरोरा सहित नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और आसपास क्षेत्रों के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन सुरेश चौहान, हर्षित कडोतिया और हेमंत कछावा ने किया। आभार जिला अध्यक्ष समीर मंसूरी ने व्यक्त किया।