नीमच। लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के मौजूदा सीजन में 1 करोड़ रुपये की राशि जीतने वाले आदित्य कुमार आज नीमच पहुँचे, जहाँ उन्होंने अपने बचपन के दोस्त गीत सरावगी और उनके परिवार से मुलाकात की। आदित्य ने वॉइस ऑफ़ एमपी के साथ एक विशेष चर्चा में अपने केबीसी के सफर और महानायक अमिताभ बच्चन से हुई मुलाकात के बारे में कई रोमांचक बातें साझा कीं।
आदित्य ने बताया कि केबीसी का उनका सफर बेहद रोमांचक रहा। उनके लिए सबसे यादगार पल अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बिताए गए चार घंटे थे। उन्होंने अमिताभ बच्चन को एक डायनामिक पर्सनैलिटी बताया और कहा कि उनके साथ वक्त बिताना उनके जीवन का एक अमूल्य और महत्वपूर्ण अनुभव था।
बताते चलें कि आदित्य कुमार का बचपन नीमच में ही बीता है। उनके पिता यहाँ के गर्ल्स कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थे, जिसकी वजह से उनका इस शहर से एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। अपने बचपन के दोस्त गीत सरावगी और सगे संबंधियों से मिलने के लिए वह खास तौर पर नीमच आए थे। इस मुलाकात के दौरान आदित्य ने केबीसी की हॉट सीट तक पहुँचने की अपनी यात्रा और तैयारी के बारे में भी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। वॉइस ऑफ़ एमपी ने जम्बू कुमार जैन सरावगी ब्रदर्स के घर आदित्य कुमार से खास चर्चा की।