नीमच। दिगंबर जैन समाज का 10 दिवसीय दशलक्षण महापर्व विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षाेल्लास से मनाया गया। समापन अवसर पर दिगंबर जैन मंदिर से भव्य बैवाण रथ शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुँची। यात्रा के बाद आयोजित शांति धारा अभिषेक समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
समाज के अध्यक्ष विजय विनायका जैन ब्रोकर एवं कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में पर्व के दौरान महिला मंडल, सीनियर सिटीजन ग्रुप, सोशल मैन ग्रुप एवं जिनागम ग्रुप ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। भगवान के रथ बैवाण को श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधानों में कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह समाजजनों द्वारा श्रीफल चढ़ाकर आशीर्वाद ग्रहण किया गया।
धार्मिक तपस्या और प्रतियोगिताएँ-
पर्व के दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने 3 व 5 दिन के उपवास की कठिन तपस्या की, जिनकी अनुमोदना समाज ने की। इस अवसर पर धार्मिक अंताक्षरी, खुल जा सिम सिम, धार्मिक तंबोला सहित कई सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ भी आयोजित हुईं, जिनमें समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
विचार व विमोचन-
समारोह में पंडित भावुक शास्त्री, समाज अध्यक्ष विजय विनायका सहित अन्य गणमान्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रमोद गोधा द्वारा संकलित दिगंबर जैन समाज समाचार कोलाज का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अजय कासलीवाल ने किया, जबकि मीडिया प्रभारी अमन विनायका ने बताया कि विगत 28 अगस्त से प्रारंभ हुए पर्व के अंतर्गत नगर के जिनालयों में प्रतिदिन सुबह से रात तक धार्मिक अनुष्ठान हुए।
भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ-
पुस्तक बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिदिन शांति धारा, तत्वसूत्र पाठ, प्रवचन, प्रतिक्रमण और सामूहिक पूजन आयोजित हुए। रात्रि में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ और नैतिक शिक्षाप्रद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर संगीतकार रामकिशन एंड पार्टी, छिंदवाड़ा की भजनों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।