नीमच। नगर के प्रतिष्ठित श्री एस.आर. ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित दस दिवसीय श्री गणेशोत्सव का समापन शनिवार को विधिवत पूजन, महाआरती और विसर्जन के साथ हुआ। गणेशोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों ने विद्यार्थियों में आध्यात्म और संस्कृति के प्रति विशेष रुचि जगाई। समापन अवसर पर महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत प्रस्तुत कर बप्पा को धूमधाम से विदाई दी।
इसी दिन, 6 सितंबर 2025 को, महाविद्यालय में नवीन विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। इसमें नए शैक्षणिक सत्र की जानकारी और कॉलेज की शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा साझा की गई। कार्यक्रम में बी.एड., बी.एससी.-बी.एड., बी.ए.-बी.एड., एम.बी.ए., बी.फार्मा और डी.फार्मा के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के चेयरमैन निरंजन तिवारी और डायरेक्टर संजू तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। मैनेजिंग डायरेक्टर धर्मेश तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष भी औद्योगिक प्रशिक्षण हेतु विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया जाएगा और प्लेसमेंट के लिए कई कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा।
आभार प्रदर्शन मोहनलाल शर्मा एवं डॉ. चेतना त्रिपाठी ने किया। समस्त स्टाफ सदस्यों के सहयोग से यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की बड़ी संख्या की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।