कुकड़ेश्वर। क्षेत्र में सोयाबीन फसल को हुए भारी नुकसान से चिंतित किसानों ने शनिवार सुबह कुकड़ेश्वर में प्रदर्शन कर तहसील टप्पा कार्यालय पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बस स्टैंड से टप्पा कार्यालय तक किसानों ने रैली निकालकर नारेबाजी की।
किसानों ने बताया कि कुकड़ेश्वर और आसपास के गांवों में सोयाबीन की फसल अतिवृष्टि और पीला मोजेक वायरस के कारण पूरी तरह नष्ट हो गई है। वहीं मक्का, उड़द और मूंग की फसलें भी बीमारियों की चपेट में आकर सूखने लगी हैं। तीन-तीन बार महंगे कीटनाशकों का छिड़काव करने के बावजूद कोई असर नहीं हुआ।
ज्ञापन में कहा गया कि फसलों में अफलन की स्थिति बन गई है। किसानों ने मेहनत कर बोवनी की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा और रोग प्रकोप से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। अब बच्चों की पढ़ाई, गृहस्थी और बुजुर्गों की दवाइयों जैसे खर्च पूरे करना कठिन हो गया है।
किसानों ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा और बीमा राशि प्रदान की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय राजू पटेल, सुनील मालवीय, कमल मालवीय, बाबू लॉन्ड्री, बंसी सरपंच, शंभूलाल मालवीय, प्रकाश मालवीय सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।