नीमच। ग्राम चैनपुरा मावली जागीर के ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी समस्या को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती के साथ मिलकर ज्ञापन सौंपा और गांव के बीचों-बीच बने विशाल नाले की समस्या का समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि 55-60 फीट चौड़े और करीब 3 फीट गहरे इस नाले के कारण गांव दो हिस्सों में बंट गया है। नाले के दूसरी ओर बसे 50-60 मकानों के लोग मुख्य गांव से कट गए हैं। बच्चों को स्कूल और ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कत होती है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं, जब नाला उफान पर होता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन दलगत राजनीति के चलते उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की।