नीमच। ग्राम पंचायत चीताखेड़ा में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर ग्रामीण और जनप्रतिनिधि परेशान हैं। उपसरपंच और पंचों ने सरपंच पर मनमानी व भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को पत्र सौंपा।
उपसरपंच ने बताया कि पिछले एक वर्ष से सीसी रोड, नाला निर्माण और सफाई जैसे प्रस्तावित कार्य शुरू नहीं हुए। मुख्य बावड़ी में गंदे नाले का पानी मिलने से ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों पर भी सफाई व्यवस्था बदहाल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक निधि से स्वीकृत मंशापूर्ण बालाजी मंदिर की बाउंड्रीवॉल अधूरी है और खराब गुणवत्ता के कारण कचरा पात्र टूट गए हैं। वहीं पंचायत कार्यालय के फर्नीचर के लिए 3 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद कार्य अधूरा है और पंचों को कोई जानकारी नहीं दी गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सरपंच के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।